Monday, 13 February 2023

सहकारिता एवं लोकसेवा प्रबंधन मंत्री डॉ. अरविन्द सिंह भदौरिया के कहा है कि ग्राम पंचायत में एक भी पात्र हितग्राही शासन की योजना से वंचित नहीं रहे। ग्राम पंचायत सरपंच और सचिव इसे सुनिश्चित करें, यह उनकी जिम्मेदारी है। मंत्री डॉ. भदौरिया रविवार को भिंड जिला के अटेर विकासखण्ड के ग्राम बलारपुरा में विकास यात्रा को संबोधित कर रहे थे। मंत्री डॉ. भदौरिया ने विण्डवा, खिपौना एवं मघेरा ग्राम में भी जन-संवाद किया। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं और ग्रामों में हुए विकास कार्यों की जानकारी भी दी। मंत्री डॉ. भदौरिया ने विकास यात्रा के दौरान ग्रामों में विभिन्न योजनाओं में पात्र व्यक्तियों को स्वीकृति-पत्रों का वितरण किया। उन्होंने ग्राम बलारपुरा में 7 लाख 8 हजार, ग्राम विण्डवा में 3 लाख 53 हजार, ग्राम मघेरा में 19 लाख 95 हजार और ग्राम खिपौना में 4 लाख 87 हजार रूपये लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। स्थानीय जन-प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन यात्रा में साथ थे।

 


राष्ट्रीय लोक अदालत में नगरीय निकायों के बकायादारों ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। इससे जहाँ उन्हें लाभ मिला वहीं नगरीय निकायों को भी 73 करोड़ 28 लाख 48 हजार रूपये का राजस्व प्राप्त हुआ। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने नागरिकों से आग्रह किया है कि आगामी लोक अदालतों में भी शासन द्वारा दी जा रही छूटों का लाभ उठायें।

गत दिवस हुई राष्ट्रीय लोक अदालत में नगरपालिक निगमों को कुल 65 करोड़ 13 लाख 15 हजार रूपये की आय हुई। इसमें सम्पत्ति कर से 55 करोड़ 21 लाख 72 हजार और जल कर से 9 करोड़ 91 लाख 43 हजार रूपये मिले। नगरपालिका परिषदों को कुल राजस्व 6 करोड़ 13 लाख 60 हजार रूपये मिला। इसमें सम्पत्ति कर के रूप में 5 करोड़ 21 लाख 2 हजार और जल कर के रूप में 92 लाख 58 हजार रूपये प्राप्त हुए। इसी तरह नगर परिषदों को 2 करोड़ एक लाख 73 हजार रूपये की आय हुई। इसमें सम्पत्ति कर से एक करोड़ 46 लाख 94 हजार और जल कर से 54 लाख 78 हजार रूपये प्राप्त हुए।

नगरपालिक निगम इंदौर को कुल 24 करोड़ 38 लाख 15 हजार, भोपाल को 20 करोड़ 38 लाख, ग्वालियर को 4 करोड़ 8 लाख 39 हजार, जबलपुर को 3 करोड़ 76 लाख 77 हजार, सतना को 2 करोड़ 97 लाख 77 हजार, देवास को एक करोड़ 95 लाख 70 हजार, उज्जैन को एक करोड़ 95 लाख 49 हजार, खण्डवा को एक करोड़ 41 लाख 58 हजार, कटनी को एक करोड़ 39 लाख 6 हजार, सागर को 79 लाख 36 हजार, सिंगरौली को 71 लाख 95 हजार, रतलाम को 50 लाख 92 हजार, बुरहानपुर को 37 लाख 71 हजार, रीवा को 18 लाख 64 हजार, मुरैना को 18 लाख 50 हजार और छिंदवाड़ा को 5 लाख 48 हजार रूपये का राजस्व प्राप्त हुआ है।

No comments:

Post a Comment