चीन के वुहान शहर से निकलकर पूरी दुनिया को अपनी चपेट में ले रहे खतरनाक कोरोना वायरस के कारण प्रदेश की टूरिज्म इंडस्ट्री खासी प्रभावित हुई है। मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ से चीन व उसके आसपास के देश जाने वाले करीब ढाई हजार यात्रियों ने अपने टिकट कैंसल करवा लिए हैं। घूमने जाने का प्लान बना रहे यात्रियों ने भी चीन से लगे देशों को छोड़कर दूसरे देशों को प्राथमिकता देना शुरू कर दिया है। कोरोना को लेकर विश्व के कई देशों के साथ भारत में भी अलर्ट है। इंदौर में एयरपोर्ट के साथ स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट मोड पर है। इसी बीच प्रदेश से चीन जाने वाले यात्रियों ने अपने टिकट निरस्त कराना शुरू कर दिया है। ट्रैवल एजेंट एसोसिएशन (मप्र-छग) के अध्यक्ष हेमेंद्रसिंह जादौन ने बताया कि इस मामले में हम लोग भी सर्तक हैं। हमें जो सूचना मिली है, उसके मुताबिक गुरुवार तक 2500 से अधिक यात्रियों ने अपने टिकट निरस्त करवा लिए हैं। कुछ यात्रियों ने अपने टिकट आगे बढ़ाने का भी कहा है। वहीं, चीन से सटे देशों में भी लोग यात्रा करने से बच रहे हैं। इसके बजाए यात्री दुबई और यूरोप के देशों में जाना पसंद कर रहे हैं। हालांकि जल्द ही स्थिति सामान्य हो जाएगी।
थाईलैंड के आठ टिकट कराए निरस्त
एक अन्य ट्रैवल एजेंट अमित नवलानी ने बताया कि मैंने एक परिवार का चीन का टूर प्लान किया था, लेकिन उन्होंने गुरुवार को उसे निरस्त करवा दिया। बिजनेस मीटिंग पर जाने वाले लोग भी अपनी यात्रा निरस्त करवा रहे हैं। इसके अलावा चीन होते हुए यूरोप के देशों में जाने वाले लोगों के टिकट कैंसल कर दुबई और अन्य देश के शहरों के लिए कराए जा रहे हैं। लोग किसी भी हाल में चीन नहीं जाना नहीं चाहते हैं। एक परिवार ने अपने थाईलैंड के आठ टिकट निरस्त करवा लिए हैं।
यात्रियों को नुकसान
एजेंटों का कहना कि इस तरह बुकिंग निरस्त करने से यात्रियों को काफी नुकसान है। एयरलाइंस रिफंड में काफी हिस्सा काट लेती हैं। यात्रियों को बुकिंग राशि में से नाममात्र का रिफंड मिलता है। इसके अलावा होटल और दूसरी बुकिंग में भी नुकसान होता है।
No comments:
Post a Comment